

माफी की मांग पर गरजी भाजपा, अरविंद मेनन का हमला- मोदी का अपमान कांग्रेस की मानसिकता का आईना।
चंपावत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अपमानजनक टिप्पणी पर भाजपा ने तीखे तेवर दिखाए। सोमवार को छतार स्थित भाजपा जिला कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खड़गे का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत के नेतृत्व में जिलेभर से जुटे कार्यकर्ताओं ने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपमान का घूंट पीकर अपने व्यक्तित्व का परिचय दिया, जबकि खड़गे की टिप्पणी ने कांग्रेस के आचरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी यह स्वीकार नहीं कर पा रही है कि साधारण परिवार से निकला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बनकर नेतृत्व कर रहा है।

मेनन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता को लंबे समय तक कुछ खास परिवारों का अधिकार समझती रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना राजनीतिक संस्कारों पर सवाल खड़े करता है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में बयानबाजी की भी मर्यादा होती है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। भाजपा ने खड़गे से अपने बयान पर माफी मांगने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, हिमांशु बिष्ट, प्रदेश मंत्री निर्मल महरा, सहित भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
फोटो_खड़गे के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन करते भाजपा कार्यकर्ता।



