

बूट कैंप में 100 से अधिक महिलाओं ने रखे बिजनेस आइडिया।
चंपावत। गांवों में छोटे-छोटे कारोबार खड़े कर रही महिलाओं को अब उन्हें बाजार तक पहुंचाने की तैयारी कराई जा रही है। चंपावत ब्लॉक सभागार में आयोजित एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप में 100 से अधिक महिला उद्यमियों ने अपने कारोबारी विचार और उत्पाद सामने रखे। विशेषज्ञों ने कारोबार को मजबूत करने के लिए बाजार की समझ, वित्तीय प्रबंधन, ब्रांडिंग और नवाचार पर जरूरी जानकारी दी।
आईआईएम काशीपुर के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (FIED) ने उत्तराखंड ग्रामीण विकास समिति (UGVS) के सहयोग से ग्रामोत्थान परियोजना (REAP) के तहत बूट कैंप आयोजित किया। कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के डॉ. सुमित कुमार और बिजनेस मैनेजर मनमोहन सिंह ने उद्यमियों को बिजनेस आइडिया को व्यवस्थित योजना में बदलने और बाजार की मांग के अनुसार कारोबार विकसित करने के तरीके बताए।
उन्होंने कहा कि सिर्फ उत्पाद तैयार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता, बाजार, लागत और ग्राहक की जरूरत को समझना भी जरूरी है। महिला उद्यमियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
खंड विकास अधिकारी आरसी जोशी और सहायक खंड विकास अधिकारी एलएल वर्मा ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी। सीएलएफ अध्यक्ष सुनीता ने स्वयं सहायता समूहों के अनुभव साझा किए और सामूहिक प्रयासों से कारोबार को मजबूत करने पर जोर दिया।
नाबार्ड की डीडीएम स्वाती कार्की ने वित्तीय सहायता और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र की सहायक प्रबंधक प्रिया रावत ने उद्यम पंजीकरण, विभागीय योजनाओं और स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी। उद्यमी राकेश उपाध्याय और सुमित थपलियाल ने अपने कारोबारी अनुभव साझा किए। NEE के फाउंडर अनुज वर्मा और हर्ष जोशी ने नवाचार, व्यावसायिक सोच और नए बाजार अवसरों पर महिला उद्यमियों का मार्गदर्शन किया।
बूट कैंप में महिलाओं ने अपने कारोबार की चुनौतियां विशेषज्ञों के सामने रखीं और समाधान के सुझाव लिए। व्यवसाय योजना, बाजार, वित्तीय साक्षरता, ब्रांडिंग, नेटवर्किंग और उद्यम विस्तार जैसे विषयों पर सीधा संवाद हुआ। कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमियों को अपने कारोबार को छोटे स्तर से आगे बढ़ाकर व्यवस्थित उद्यम के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक सेल्स अतुल, आजीविका से सुमित, वेल्यू चेन से सुनील, हरीश, देवयानी, समूह सदस्य, सीएलएफ स्टाफ और प्रगतिशील उद्यमी मौजूद रहे। संचालन सहायक प्रबंधक संस्थाएं प्रकाश पाठक ने किया।
फोटो_उद्यमिता बूट कैंप में मौजूद प्रतिभागी और अतिथि।




