भवन को पहुंची आंशिक क्षति, फ्रिज व अन्य विद्युत उपकरण हुए खराब; प्रशासन ने त्वरित राहत का दिया भरोसा।
चंपावत/पूर्णागिरि। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आपदा त्वरित राहत नीति और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के तहत राजस्व विभाग द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पूर्णागिरि तहसील क्षेत्र के गैंडाखाली स्थित भवान में एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने की घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया।
जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी पूर्णागिरि प्रमोद कुमार राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुलदीप चन्द्र पुत्र गणेश लाल के मकान पर आकाशीय बिजली गिरने की पुष्टि हुई।
घटना में मकान को आंशिक क्षति पहुंची है। वहीं घर में रखे फ्रिज, पंखों समेत कई विद्युत उपकरण भी खराब हो गए हैं। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
उप जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराने और क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक किशननाथ, राजस्व उपनिरीक्षक एवं राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो – गैंडाखाली में आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण करते एसडीएम पूर्णागिरि प्रमोद कुमार एवं राजस्व विभाग की टीम।
चंपावत: गैंडाखाली में मकान पर गिरी आकाशीय बिजली, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा।

