समस्या होने पर तुरंत करें शिकायत, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील।
चंपावत। जनपद चंपावत में घरेलू गैस (एलपीजी) की आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गैस आपूर्ति को लेकर आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चंपावत के माध्यम से गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था सक्रिय कर दी गई है। यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति में देरी, कालाबाजारी या अन्य किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है तो वे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05965-230703 या टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त उपभोक्ता 7895318895 (व्हाट्सएप) तथा 7579060090 नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी इन नंबरों पर दें, ताकि संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर लेने की भी अपील की है, जिससे सभी उपभोक्ताओं को गैस की सुचारू आपूर्ति बनी रहे।
चंपावत: गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर।
