फरवरी में चंपावत जिले के सभी नगर क्षेत्रों में एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी सरकारी सुविधाएं
चंपावत। ग्रामीण क्षेत्रों में 17 दिसंबर से 30 जनवरी तक सफलतापूर्वक संचालित किए गए ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के बाद अब जिला प्रशासन ने नगरी क्षेत्रों में भी जनसुविधा शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों के पात्र नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि नगरी क्षेत्रों में यह कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। शिविरों की शुरुआत 4 फरवरी को नवसृजित पाटी नगर पंचायत से होगी। इसके बाद 6 फरवरी को लोहाघाट, 11 फरवरी को चंपावत के गोरलचौड़ मैदान, 13 फरवरी को बनबसा के पूर्णागिरि इंटर कॉलेज तथा 17 फरवरी को टनकपुर के गांधी मैदान में जनसुविधा शिविर लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने नगरी क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।
फोटो_जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: ग्रामीण क्षेत्रों के बाद अब नगरी इलाकों में ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर।
