चंपावत: ग्रामीण विकास के साथ सामाजिक समरसता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता।

Share This Post

पंचायत प्रतिनिधि समाज और सरकार के बीच सेतु – चन्द्रशेखर

चंपावत। उत्तरांचल उत्थान परिषद् के तत्वावधान में राजकीय प्रेक्षागृह, गोरलचैड़ में पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका, कर्तव्यों तथा ग्रामीण विकास में उनकी प्रभावी सहभागिता पर गहन मंथन किया गया। कार्यक्रम में जनपद भर से त्रिस्तरीय पंचायत एवं निकाय प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सम्मेलन की अध्यक्षता उत्तरांचल उत्थान परिषद् के प्रांत अध्यक्ष नरेन्द्र लडवाल ने की। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक चन्द्रशेखर ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि समाज की मुख्यधारा से सीधे जुड़े रहते हैं और सरकार तथा जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और समरस समाज के निर्माण में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में जब समाज की अपेक्षाएं बढ़ी हैं, तब जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए प्रांत सेवा प्रमुख पवन ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को केवल शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह भी सोचना चाहिए कि वे समाजहित में ऐसा क्या कर सकते हैं जिससे सकारात्मक परिवर्तन संभव हो सके। उन्होंने सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य, मौलिक अधिकारों तथा संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आह्वान किए गए पंच परिवर्तन की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने कहा कि पंचायत लोकतंत्र की सबसे सशक्त और अहम कड़ी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर, गांव के जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करें, जिससे हर व्यक्ति समाज की मुख्यधारा से जुड़ सके।
कार्यक्रम में जय गोल्ज्यू जन्मभूमि सांस्कृतिक कला मंच के कलाकारों ने दल नायक रघुराज के नेतृत्व में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी एवं सह संयोजक मोहित पाठक ने किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक वतन, सह विभाग प्रचारक जितेन्द्र, चंद्रकिशोर बोहरा, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, गोविंद वर्मा,जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, सतीश पांडेय, जिपं सदस्य सचिन जोशी, मनीषा कालाकोटी, पुष्कर राम सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं सभासद उपस्थित रहे।


Share This Post