एजेंसियों पर भीड़ खत्म करने के लिए डोर-टू-डोर सप्लाई लागू, डीएम मनीष कुमार के निर्देश।
चंपावत। जनपद में गैस उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए जिला प्रशासन ने घरेलू एलपीजी वितरण व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी या गोदाम जाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि डिलीवरी प्वाइंट और घर-घर आपूर्ति व्यवस्था के तहत सिलेंडर सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में गैस बुकिंग से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रिया, डीएसपी और ओटीपी सत्यापन के दौरान अधिक संख्या में फोन कॉल आने के कारण कई उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों तक जाना पड़ रहा था। इससे एजेंसियों में भीड़ बढ़ने के साथ-साथ व्यवस्था प्रभावित होने और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होने की आशंका बनी रहती थी।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण केवल निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स और डोर-टू-डोर प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए। इससे उपभोक्ताओं को बिना भीड़ के, सुरक्षित और समय पर गैस उपलब्ध हो सकेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग मोबाइल, एसएमएस या फोन के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए एजेंसी जा सकते हैं। बुकिंग के बाद गैस एजेंसी द्वारा नियमानुसार सिलेंडर घर तक पहुंचाया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी या गोदाम जाने की आवश्यकता नहीं होगी। गैस वितरण पूरी तरह डिलीवरी प्वाइंट और घर-घर आपूर्ति प्रणाली से किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को गैस एजेंसियों व गोदामों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और नई व्यवस्था का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
फोटो_ जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: घर बैठे मिलेगा गैस सिलेंडर, चंपावत प्रशासन ने बदली वितरण व्यवस्था।
