लोहाघाट से पिथौरागढ़ जा रही कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 18 वर्षीय चालक गंभीर घायल; दोनों युवकों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया।
लोहाघाट। चंपावत जिले में घाट पुल के पास सोमवार को एक कार के गहरी खाई में गिरने से हड़कंप मच गया। लोहाघाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार आज 16 मार्च 2026 को वाहन संख्या UK 03–3999 (ह्युंडई i10) लोहाघाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। घाट पुल से पहले वाहन चालक का संतुलन बिगड़ने से कार सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी बाराकोट थाना लोहाघाट पुलिस और फायर स्टेशन लोहाघाट की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में फंसे युवकों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
हादसे में कार चालक युवराज ओली (18 वर्ष) पुत्र राज किशोर, निवासी गलचौड़ा लोहाघाट को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दीपेश खर्कवाल (18 वर्ष) पुत्र गिरीश खर्कवाल, निवासी पिथौरागढ़ को मामूली चोटें आई हैं।
रेस्क्यू टीम ने दोनों घायलों को सुरक्षित खाई से निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय लोहाघाट भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
चंपावत: घाट पुल के पास 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चम्पावत पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान।
