चंपावत: घिंघारुकोट में गुलदार का आतंक, पशुपालक के सामने ही बैल को बनाया शिकार।

Share This Post

पाटी ब्लॉक के सुदूरवर्ती गांव में दहशत का माहौल, आम पैदल मार्ग होने से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता।


लोहाघाट। पाटी ब्लॉक के सुदूरवर्ती गांव घिंघारुकोट में गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। यहां पशुपालक सतीश जोशी के सामने ही गुलदार ने उनके बैल पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गनीमत रही कि घात लगाकर बैठे गुलदार के हमले से पशुपालक बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सतीश जोशी देर शाम अपने मवेशियों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक बैल पर हमला कर दिया। जब तक पशुपालक कुछ समझ पाता, गुलदार ने बैल को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है वह गांव का आम पैदल मार्ग है, जहां से प्रतिदिन स्कूली बच्चे सुबह-शाम आवागमन करते हैं। ऐसे में बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

फोटो_ पशुपालक सतीश जोशी।


Share This Post