चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतार पुल के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई। कैंटर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल मजदूर ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लोहाघाट से टनकपुर की ओर जा रहा एक कैंटर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतार पुल के पास नेपाल निवासी प्रेम बहादुर (39) को टक्कर मार गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
बताया गया कि प्रेम बहादुर लोहाघाट और चंपावत क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को भी वह मजदूरी की तलाश में चंपावत आए थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी बच्ची सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर,पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जिला चिकित्सालय में पूरी की जा रही है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
चंपावत: छतार पुल के पास कैंटर की टक्कर से नेपाली मजदूर की मौत।
