चंपावत:  छुलापे के अनुज पंत ने यूपीएससी में हासिल की 69वीं रैंक, चंपावत का बढ़ाया मान।

Share This Post

पिछले वर्ष मामूली अंकों से रह गए थे चयन से दूर, इस बार कड़ी मेहनत से पाई बड़ी सफलता।

चंपावत। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चंपावत जिले के बाराकोट विकासखंड अंतर्गत ग्राम छुलापे के होनहार युवा अनुज पंत ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अनुज ने अखिल भारतीय स्तर पर 69वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
अनुज पंत दिनेश चंद्र पंत के 23 वर्षीय पुत्र हैं। उनके पिता दिनेश चंद्र पंत गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। दो भाइयों में छोटे अनुज बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी, अनुशासित और मेहनती छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से प्राप्त की और वहीं रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की।
गत वर्ष भी अनुज ने यूपीएससी परीक्षा दी थी, लेकिन वह मामूली अंकों से अंतिम चयन सूची में स्थान बनाने से चूक गए थे। हालांकि इस असफलता से निराश होने के बजाय उन्होंने अपनी तैयारी को और मजबूत किया और पूरे समर्पण के साथ दोबारा प्रयास किया। उनकी इसी दृढ़ इच्छाशक्ति, लगन और अथक परिश्रम का परिणाम है कि इस बार उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 69वीं रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया।
अनुज का लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना है।
अनुज की इस उपलब्धि से उनके परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भले ही उनका परिवार वर्तमान में गाजियाबाद में निवास करता हो, लेकिन उनका अपने पैतृक गांव और पूर्वजों की माटी से गहरा लगाव बना हुआ है। जैसे ही अनुज की सफलता की खबर उनके पैतृक गांव छुलापे पहुंची, पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने भी अनुज पंत को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अनुज की मेहनत और लगन से यह साबित होता है कि पहाड़ के युवा भी कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सर्वोच्च सेवाओं में स्थान बना सकते हैं। जिलाधिकारी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

फोटो_ अनुज पंत


Share This Post