भाजपा छोड़ने के बाद पहली बार बोले पूर्व जिलाध्यक्ष, सरकार की कई योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठाए सवाल
टनकपुर/चंपावत। भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष दीप पाठक ने पहली बार अपने राजनीतिक भविष्य और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि फिलहाल वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं, लेकिन यदि जनता का समर्थन मिला तो वह चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
दीप पाठक ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम किया, लेकिन कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और कुछ लोगों को बढ़ावा दिए जाने से वह आहत हुए। उन्होंने कहा कि यही कारण रहा कि उन्हें पार्टी से अलग होने का फैसला लेना पड़ा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 और 2022 में उन्होंने विधानसभा टिकट की दावेदारी की थी। टिकट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने पार्टी के निर्णय को स्वीकार किया और संगठन के लिए पूरी ताकत से काम किया। वर्ष 2022 के चंपावत विधानसभा उपचुनाव में भी उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी निभाई थी।
कोरोना काल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान जरूरतमंद लोगों तक भोजन और ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने के साथ ही उन्होंने अपना निजी प्रतिष्ठान भी प्रशासन को निःशुल्क उपलब्ध कराया था।
पत्रकार वार्ता के दौरान दीप पाठक ने सरकार की कई घोषणाओं के अधूरे रहने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि टनकपुर ट्रॉमा सेंटर, इंजीनियरिंग कॉलेज को ट्रिपल आईटी के रूप में विकसित करने की योजना, बनबसा स्टेडियम, गैस गोदाम और पूर्णागिरि क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाएं अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं।
उन्होंने कहा कि पहाड़ों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति में अभी भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है और पलायन की समस्या लगातार बढ़ रही है।
वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला जनता ही करेगी।
पाठक बोले, “हमारी टीम हमारी जनता है। जनता अगर चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो हम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे।”
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ किसी भी व्यक्तिगत विरोध से इनकार करते हुए कहा कि जनता का फैसला ही सर्वोपरि होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि चंपावत की राजनीति में वर्ष 2027 का चुनाव काफी महत्वपूर्ण साबित होगा।
फोटो_ दीप पाठक।
चंपावत: जनता का समर्थन मिला तो 2027 में जीत तय- दीप पाठक।
