चंपावत: जनता मिलन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 83 शिकायतें दर्ज — डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश।

Share This Post

दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने रखीं समस्याएं, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।

चंपावत। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
इस दौरान कुल 83 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जो मामले मौके पर निस्तारित किए जा सकते हैं, उनका तत्काल समाधान किया जाए तथा शेष प्रकरणों में निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए।
खेतीखान निवासी प्रदीप जोशी द्वारा जमीनी विवाद की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पाटी को मामले की जांच कर दोनों पक्षों की सहमति से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम मैरोली के सुरेश चंद्र और नारायण दत्त की ओर से गांव में सौर स्ट्रीट लाइट और मार्ग निर्माण की मांग पर उरेडा और खंड विकास अधिकारी चम्पावत को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। ग्राम बिरगुल के नारायण दत्त जोशी द्वारा कान की मशीन की मांग करने पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से उनकी तत्काल जांच करवाई तथा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से उन्हें कान की मशीन उपलब्ध कराई गई। ग्राम चौड़ा राजपुरा की मोती देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की, जिस पर बीडीओ चम्पावत को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वार्ड त्यारकुड़ा की बसंती तिवारी द्वारा घर की छत से गुजर रही उच्च वोल्टेज विद्युत लाइन हटाने की मांग पर यूपीसीएल को सर्वे कर लाइन को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम गंगनौला की ऋचा जोशी ने परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी दी, जिस पर पूर्ति विभाग को राशन कार्ड से संबंधित कार्यवाही तथा समाज कल्याण विभाग और बीडीओ लोहाघाट को आवश्यक मदद के निर्देश दिए गए।
ग्राम बाजरीकोट के अनिल कुमार द्वारा रोजगार की मांग रखने पर विभिन्न विभागों को अपने स्तर से कार्यवाही करने तथा उन्हें सीएस सेंटर से संबंधित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। नागनाथ वार्ड के योगेश जोशी की बरसाती नाले के निर्माण की मांग पर राजस्व विभाग और नगरपालिका चम्पावत को सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया। ग्राम हरम (मंच) की जयंती देवी ने गुलदार द्वारा दुधारू गाय को मारने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को प्रार्थी को नियमानुसार लाभ देने के निर्देश दिए गए। ग्राम कोयाटी के ईश्वर सिंह बिष्ट द्वारा पेयजल आपूर्ति की समस्या उठाने पर जल संस्थान को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
ग्राम च्यूराखर्क के अमित खर्कवाल द्वारा खेतों के लिए फेंसिंग और सौर स्ट्रीट लाइट की मांग पर कृषि, उद्यान और उरेडा विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। ग्राम मटकांडा की झामा देवी द्वारा आधार कार्ड अपडेट न होने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त गणेश पंत, अशोक कुमार, भागीरथी देवी, सुरेंद्र बोहरा, रघुवर रैंसवाल, रेखा देवी, सुभाष पांडेय और मीना देवी सहित कई लोगों की शिकायतें भी दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान सहित अन्य विभागीय अधिकारी और फरियादी उपस्थित रहे।

फोटो_फरियादी की समस्या सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post