चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सेवा, सुशासन और समर्पण को समर्पित सेवा पखवाड़ा के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
जनता मिलन में कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में सीडीओ एवं अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में रोजगार, सड़क, पेयजल, भूमि विवाद, शौचालय, पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड, सोलर स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा दीवार तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता मिलन के दौरान लोहाघाट, सेल सलपड़, सिमियाउरी, नागनाथ वार्ड, रैघाव, वैला अमोड़ी, चौड़ाख्याली, जैतोली, धामीधौन, विविल और कोयाटी सैन्दर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं पर संबंधित विभागों को सड़क सुधार, आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधन, बिजली के खंभों व लटकते तारों की मरम्मत, नाला निर्माण, पशुपालन योजनाओं का लाभ, पेयजल लाइन सुधार, दिव्यांग पेंशन, पीएमजीएसवाई भुगतान, किसान पेंशन, पीएम आवास, सोलर लाइट और पंचायत भवन सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
सेवा पखवाड़ा के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में कार्यक्रम स्थल पर 10 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, ताकि उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो_कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनते मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती एवं अन्य अधिकारी।
चंपावत: जनता मिलन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 82 शिकायतें पहुंचीं सीडीओ के दरबार; अधिकांश का मौके पर समाधान।
