चंपावत: टनकपुर में जनता के बीच पहुँचा प्रशासन, गांधी मैदान में लगा समाधान शिविर।

Share This Post

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत 48 शिकायतों का मौके पर निस्तारण।

चंपावत/टनकपुर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारते हुए मंगलवार को गांधी मैदान में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। इस अवसर पर प्रशासनिक अमला स्वयं जनता के बीच पहुँचा और पेंशन, राशन कार्ड, आधार संशोधन, किसान पेंशन सत्यापन सहित विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पूर्ति तथा नगर पालिका सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया।
शिविर में लगभग 250 से अधिक लोगों ने भागीदारी की। जनसुनवाई के दौरान कुल 92 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 48 का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तत्काल किया गया। इसके अलावा 35 पात्र व्यक्तियों का किसान पेंशन सत्यापन भी शिविर स्थल पर ही पूर्ण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान मनिहारगोठ की प्रधान शाहाना खातून ने जल निकासी की समस्या उठाई। विभिन्न बोर्ड सदस्यों ने पाइपलाइन एवं सीवर लाइन विस्तार की मांग रखी, जबकि स्थानीय नागरिक भुवन भट्ट ने आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज विद्युत लाइनों से उत्पन्न खतरे की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही स्थानीय नागरिकों ने सरकारी निर्माण कार्यों में क्षेत्रीय श्रमिकों को प्राथमिकता देने का अनुरोध भी किया।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समाज कल्याण, पूर्ति और कृषि विभाग को विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना ही इस अभियान का मूल उद्देश्य है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उप जिलाधिकारी टनकपुर अनुराग आर्या, तहसीलदार जगदीश नेगी, अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।



फोटो – गांधी मैदान टनकपुर में आयोजित जनसेवा शिविर में समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post