डीएम मनीष कुमार ने दिखाई हरी झंडी, ‘निक्षय मित्र’ बनकर लोगों से किया टीबी खत्म करने का आह्वान।
चंपावत। मॉडल जिले चंपावत को टीबी (क्षय रोग) मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत आज व्यापक जागरूकता अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे द्वारा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया। अभियान के तहत जिलेभर में लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया जाएगा। इससे पूर्व जिला क्षय रोग केंद्र में विश्व टीबी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने स्वयं को ‘निक्षय मित्र’ बनाते हुए जनपदवासियों से आह्वान किया कि आगामी वर्ष तक चंपावत को पूर्ण रूप से टीबी मुक्त बनाकर इस दिन को एक उत्सव के रूप में मनाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि हम ठान लें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। सामूहिक प्रयास और जागरूकता से टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सकता है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि टीबी के लक्षणों की समय पर पहचान और नियमित उपचार से यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है। इस दौरान नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें टीबी उन्मूलन के संदेश दिए गए। साथ ही जिला क्षय रोग समिति द्वारा टीबी को जड़ से समाप्त कर एक स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रधानमंत्री की ओर से ‘निक्षय मित्र’ बनने का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य रश्मि रावत, क्षय रोग चिकित्सालय की प्रभारी डॉ. सोनाली मंडल, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेंद्र गहतोड़ी,सभासद प्रेमा चिलकोटी, आशा कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
चंपावत: टीबी मुक्त चंपावत की ओर बड़ा कदम, जागरूकता अभियान का जोरदार आगाज।
