

एसएसबी के ब्रास बैंड ने बांधा समां, ‘वन्दे मातरम्’ से लेकर सारे जहां से अच्छा तक गूंजे देशभक्ति के तराने।
डीएम मनीष कुमार ने हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की।
चंपावत। स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में रविवार को चम्पावत बस स्टैंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वन्दे मातरम्’ अभियान के तहत पंचम वाहिनी एसएसबी की ओर से आयोजित ब्रास बैंड प्रदर्शन में देशभक्ति की धुनों ने माहौल में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और एसएसबी जवानों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व पंचम वाहिनी एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने किया। सीमांत मुख्यालय रानीखेत की ब्रास बैंड टीम ने ‘वन्दे मातरम्’, ‘मेरे वतन के लोगों’, ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’, ‘रंग दे बसंती चोला’ और ‘सारे जहां से अच्छा’ जैसी देशभक्ति की धुनें पेश कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों के दौरान बस स्टैंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वन्दे मातरम्’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी ने लोगों से घर-घर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस दौरान कमांडेंट चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट करन चौहान, सुदेश कुमार, नवनीत कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, जगदीश जोशी, प्रकाश पांडेय, आनंद अधिकारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यटन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एसएसबी जवान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
फोटो_बस स्टैंड में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वन्दे मातरम्’ अभियान के तहत ब्रास बैंड की प्रस्तुति के दौरान देशभक्ति की धुनों में सराबोर लोग।




