चंपावत: धूरा में गूंजेगा मातृशक्ति के सम्मान का संदेश, मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव की तैयारियां तेज।

Share This Post

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीएम मनीष कुमार ने परखी व्यवस्थाएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश।

चंपावत। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर धूरा (चौड़ाकोट) में प्रस्तावित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, सेफ हाउस, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय, यातायात और बैरिकेडिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और आमजन के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के साथ ही व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ मातृशक्ति के सम्मान, सहभागिता और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम को सफल एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी विभाग पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री मनोज कालाकोटी, दर्जा प्राप्त मंत्री हेमा जोशी, जिलाध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा, एसडीएम प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता मोहन चन्द्र पलड़िया सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


फोटो :धूरा (चौड़ाकोट) में प्रस्तावित मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026 के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं मौजूद जनप्रतिनिधि व अधिकारी।


Share This Post