चंपावत। नन्धौर वन्यजीव अभ्यारण क्षेत्र में ईको-टूरिज्म एवं वाइल्डलाइफ सफारी गतिविधियों को विस्तार देने की दिशा में पर्यटन विभाग द्वारा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की गई है। इसके तहत ककराली गेट से संचालित नन्धौर वाइल्डलाइफ सफारी के लिए जिप्सी/योद्धा प्रकार के वाहनों के क्रय एवं संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत संचालित इस ईको-टूरिज्म गतिविधि से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। योजना के अंतर्गत वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के माध्यम से टैक्सी, जिप्सी, कैरावैन आदि वाहनों के लिए अनुदान का प्रावधान किया गया है।
पर्वतीय क्षेत्र में गैर-वाहन मद हेतु पूंजी लागत का 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम ₹33 लाख तथा वाहन मद एवं मैदानी क्षेत्र में 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम ₹25 लाख तक अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा इलेक्ट्रिक अथवा लक्जरी बस क्रय पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम ₹20 लाख तक की राजसहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का उत्तराखण्ड का मूल अथवा स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। बस अथवा टैक्सी संचालन हेतु न्यूनतम 5 वर्ष का वैध कामर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस आवश्यक होगा।
इच्छुक पात्र अभ्यर्थी www.msy.uk.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के पश्चात आवेदन पत्र की दो प्रतियां आवश्यक प्रमाण पत्रों सहित जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, चंपावत में जमा करना अनिवार्य होगा।
चंपावत: नन्धौर वाइल्डलाइफ सफारी से जुड़ेगा रोजगार, जिप्सी/योद्धा संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित।
