चंपावत: पीएमश्री योजना के तहत 56 मेधावी छात्र-छात्राएं राजस्थान शैक्षिक भ्रमण को रवाना।

Share This Post

चंपावत।  पीएमश्री योजना के अंतर्गत जनपद चंपावत के कक्षा 8 एवं कक्षा 10 के मेधावी विद्यार्थियों को अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत राज्य राजस्थान के लिए रवाना किया गया। विद्यार्थियों को ले जा रही बसों को विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया गया।


इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों एवं शैक्षिक परिवेश को समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनका ज्ञानवर्धन एवं आत्मविश्वास बढ़ता है।


कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक शिक्षा) मान सिंह, सहायक लेखाधिकारी नंदन सिंह कार्की, जिला समन्वयक पीएमश्री विद्यालय मनीष कुमार मौर्य, जिला समन्वयक प्रभात पाण्डेय सहित ललित मोहन भट्ट, मनोज बिष्ट, मंजुल तिवारी एवं समग्र शिक्षा कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।



अंतरराज्यीय भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 56 मेधावी छात्र-छात्राओं को राजस्थान भेजा गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अनुशासन को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बस में दो शिक्षक (एक पुरुष एवं एक महिला) तथा एक नोडल अधिकारी को स्कॉर्ट के रूप में तैनात किया गया है।
पीएमश्री योजना के तहत आयोजित यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सीखने की नई प्रेरणा विकसित होगी।


Share This Post