चंपावत: पीजी कॉलेज लोहाघाट में प्रतिभाओं का जलवा, निबंध व काव्य पाठ में बानी और मुकेश रहे अव्वल।

Share This Post

शिक्षाशास्त्र परिषद् की प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बिखेरा हुनर, ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020’ और शिक्षाप्रद कविताओं पर दिखी गहरी पकड़।

लोहाघाट। स्वामी विवेकानन्द पीजी कॉलेज में शिक्षाशास्त्र परिषद् द्वारा आयोजित निबंध लेखन एवं काव्य पाठ प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और विषय पर पकड़ साफ झलकती नजर आई।
निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर उपलब्धियाँ एवं चुनौतियाँ’ रहा, जिसमें बानी कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। मानसी द्वितीय और पूजा आर्या तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि सांत्वना पुरस्कार कुसुमलता और गुंजन सार्की को मिला।
वहीं काव्य पाठ प्रतियोगिता ‘शिक्षाप्रद कविताएँ’ विषय पर आयोजित की गई, जिसमें मुकेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मानसी गोरखा द्वितीय और पूजा रौतेला तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि गायत्री और बानी कुमार को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज काण्डपाल ने शिक्षाशास्त्र विभाग की उपलब्धियों और परिषद् की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथन का उल्लेख करते हुए शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. लता कैड़ा ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारती हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. रेखा जोशी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया। डॉ. किशोर कुमार जोशी ने भारतीय ज्ञान परंपरा और रामायण के माध्यम से जीवन मूल्यों को समझाया, जबकि डॉ. अभिषेक पंत ने सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की कविताओं के जरिए छात्रों को प्रेरित किया। डॉ. प्रकाश लखेड़ा ने स्वामी विवेकानन्द के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा मानव के अंतर्निहित ज्ञान को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वाति जोशी ने किया। निर्णायक मंडल में डॉ. बंदना चंद, डॉ. अभिषेक पंत एवं गीतम जोशी शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. रुचिर जोशी, डॉ. दिनेश राम, डॉ. उमा काण्डपाल सहित मनीष, हिमांशु चंद, ज्योति, योगिता, तनीषा, आरती, अक्षरा समेत कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।


Share This Post