चंपावत: पूर्णागिरि मार्ग पर परिवहन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 60 वाहनों के चालान, 2 वाहन सीज।

Share This Post

ओवरलोडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव पर कसा शिकंजा

टनकपुर/चंपावत। पूर्णागिरि यात्रा मार्ग पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर 60 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 2 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज बगोरिया के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान यात्रा मार्ग पर वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सबसे बड़ी कार्रवाई ओवरलोड वाहनों पर हुई, जहां 26 वाहनों के चालान काटे गए। बिना टैक्स जमा किए सड़क पर दौड़ रहे 19 वाहनों पर भी विभाग ने सख्त कार्रवाई की।
इसके अलावा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चला रहे 7 चालकों पर कार्रवाई हुई, जबकि बिना परमिट संचालित 4 वाहन भी विभाग की पकड़ में आए। ड्रिंक एंड ड्राइव के 2 मामलों में चालकों पर कड़ा एक्शन लिया गया। वहीं बिना फिटनेस और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को भी नहीं बख्शा गया।

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ परिवहन विभाग और पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया। वाहन चालकों और यात्रियों को शराब पीकर वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने साफ कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती से पूर्णागिरि मार्ग पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा।


फोटो_ पूर्णागिरि मार्ग पर परिवहन विभाग और पुलिस टीम द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान वाहनों की जांच करते अधिकारी।


Share This Post