चंपावत: पूर्णागिरि मेले में उमड़ने लगा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष नजर।

Share This Post

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण, कहा– तीर्थ यात्री हमारे मेहमान, सुरक्षा और सम्मान में नहीं होगी कोई कमी।

चंपावत (टनकपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले में धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु परिवार सहित यहां पहुंचकर मां पूर्णागिरि के दर्शन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पूरे मेला क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले सभी तीर्थ यात्री हमारे अतिथि हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान में चम्पावत जिले को एक आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में शासन स्तर पर धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक स्थलों को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है। ऐसे में यदि तीर्थ यात्रियों को यहां बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थाएं मिलती हैं तो यही श्रद्धालु जिले के लिए “ब्रांड एंबेसडर” बनकर अन्य लोगों को भी यहां आने के लिए प्रेरित करेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मेला क्षेत्र के लगभग 20 किलोमीटर के दायरे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है और सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें मेले में कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जनता का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से किसी भी संभावित अनहोनी को समय रहते टाला जा सकता है।

फोटो –  पुलिस अधीक्षक रेखा यादव।


Share This Post