500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव; घायलों की हालत नाजुक
लोहाघाट। बंतोली क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मां और दो मासूम बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है।
शुक्रवार को हल्द्वानी से जोरासी जा रही टाटा पंच कार लोहाघाट-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंतोली के समीप अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बलदेव कुमार और राजेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि नीतू देवी, उनकी पुत्री अक्षिता और पुत्र आरव गंभीर रूप से घायल हो गए।
रेस्क्यू टीम ने खाई से निकालकर तीनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीराज राठी के नेतृत्व में उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों बच्चों के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें हैं, जबकि नीतू देवी के पैर में फ्रैक्चर है। हालत नाजुक होने के कारण तीनों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
इधर, हादसे में मृत बलदेव कुमार और राजेंद्र कुमार के शवों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और हर कोई घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।
फोटो_बंतोली सड़क हादसे के घायलों का लोहाघाट अस्पताल में उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर किया गया।
चंपावत: बंतोली हादसे के बाद मातम: दो की मौत, मां और दो मासूम गंभीर हालत में सुशीला तिवारी रेफर।
