“सुबह की भारी बारिश से थमा जनसैलाब, दोपहर बाद फिर बढ़ी श्रद्धालुओं की आवाजाही; भंडारे और व्यवस्थाओं ने दी राहत”।
टनकपुर/चंपावत। प्रसिद्ध पूर्णागिरि धाम में चल रहे वार्षिक मेले में आज सुबह से हो रही तेज बारिश ने रौनक को कुछ समय के लिए फीका कर दिया। लगातार वर्षा के चलते सुबह के समय बहुत कम श्रद्धालु ही माँ पूर्णागिरी मंदिर के दर्शन के लिए पहुंच सके। हालांकि, बारिश थमने के बाद दोपहर में एक बार फिर तीर्थ यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी और मेले में धीरे-धीरे रौनक लौटती नजर आई। टनकपुर स्थित ठहराव स्थलों और अस्थायी टेंट/रैन बसेरों में श्रद्धालु मौसम खुलने का इंतजार करते रहे।
इस दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।
मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यापारियों को अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं से किसी प्रकार की अधिक वसूली न हो। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस की वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी जवान तैनात किए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक मेले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी हुई है और मौसम अनुकूल होते ही मेले में एक बार फिर भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
चंपावत: बारिश से फीकी पड़ी पूर्णागिरि मेले की रौनक, फिर भी श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार।
