चंपावत: भिंगराड़ा में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, ग्राम प्रधान ने सीएम धामी और डीएम मनीष कुमार का जताया आभार।

Share This Post

भिंगराड़ा/चंपावत। ग्राम पंचायत भिंगराड़ा की ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण की दिशा में शासन-प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन के निरंतर सहयोग से ग्राम पंचायत में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल धरातल पर उतारी गई हैं।
ग्राम प्रधान ने कहा कि भिंगराड़ा में सड़क, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है। महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं के सकारात्मक परिणाम अब गांव में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं और महिलाएं स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत में कई विकास योजनाओं को गति मिली है। शासन और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित किए जा रहे भ्रामक प्रचार पर भी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भिंगराड़ा में नैनीताल बैंक मार्ग के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य को लेकर यह प्रचारित किया जा रहा है कि कार्य बिना प्रशासनिक सहयोग के हो रहा है, जबकि यह दावा पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन है। उन्होंने कहा कि संबंधित कार्य शासन और प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से ही संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक और प्रमाणित सूचनाओं पर ही भरोसा करें। ग्राम प्रधान ने विश्वास जताया कि शासन-प्रशासन के सहयोग से भिंगराड़ा में विकास और महिला सशक्तिकरण की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

फोटो/विजुअल_भिंगराड़ा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों एवं महिला सशक्तिकरण पर जानकारी देतीं ग्राम प्रधान गीता भट्ट।


Share This Post