चंपावत: भीषण सड़क हादसा: 500 फीट गहरी खाई में गिरी कार, सीआरपीएफ जवान समेत दो की दर्दनाक मौत।

Share This Post

कार में लगी आग में जिंदा जला जवान, पत्नी व दो मासूम बच्चे गंभीर घायल; प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान।

लोहाघाट। चम्पावत जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। लोहाघाट से लगभग 12 किलोमीटर दूर बापरू और बंतोली के बीच पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार सीआरपीएफ जवान बलदेव कुमार की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक राजेंद्र कुमार ने गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी, पुत्री अक्षिता (8 वर्ष) और पुत्र आरव (5 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान तीनों किसी तरह वाहन से बाहर छिटक गए, जिससे उनकी जान बच गई। घायलों को स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल की मदद से खाई से निकालकर तत्काल उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, एसडीएम नीतू डांगर, प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह बोहरा समेत अन्य अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। दुर्गम और जोखिमपूर्ण स्थल होने के बावजूद टीमों ने घंटों मशक्कत कर घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला।
उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीराज राठी ने बताया कि अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव चौहान के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम घायलों का उपचार कर रही है। दोनों बच्चों के सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में फ्रैक्चर की आशंका है, जबकि नीतू देवी के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पांच वर्षीय आरव को विशेष जांच के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। प्रशासन घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ जवान बलदेव कुमार नई कार लेकर हल्द्वानी से अपने गृह जनपद पिथौरागढ़ जा रहे थे। इसी दौरान बंतोली के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा और आग की चपेट में आ गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। प्रशासन द्वारा मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बनबसा गए हुए हैं तथा उन्होंने वही से दुर्घटना में घायलों को बचाने तथा मृतकों का पोस्टमार्टम व अन्य संस्कारों के लिए निर्देश दिए पहले जिलाधिकारी ने घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था कर दी थी लेकिन लोहाघाट के चिकित्साकों द्वारा बेहतर उपचार किए जाने पर फिर उन्हें एयरलिफ्ट किए जाने का प्रयास स्थगित किया गया।


फोटो – बंतोली के समीप 500 फीट गहरी खाई में गिरकर आग की चपेट में आई कार, मौके पर जुटी राहत एवं बचाव टीमें।


Share This Post