चंपावत में गैस व्यवस्था दुरुस्त करने मैदान में उतरे डीएम, खुद पहुंचकर सुनी जनता की परेशानी।

Share This Post

पारदर्शी और समयबद्ध वितरण पर जोर वार्डवार रोस्टर बनेगा, भीड़ और अव्यवस्था पर लगेगी लगाम


चंपावत। जनपद चंपावत में आम जनता को सुचारु और सुलभ गैस आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने गैस वितरण व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करते हुए चम्पावत स्थित गैस एजेंसी और छतार डिलीवरी पॉइंट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव गंभीरता से सुने। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि गैस वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और जनसुलभ बनाया जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पंजीकरण में परेशानी हो रही है, उनका पंजीकरण गैस एजेंसी के माध्यम से भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति गैस सुविधा से वंचित न रहे।
व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने चम्पावत में वार्डवार गैस वितरण रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। इस नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को उनके नजदीकी डिलीवरी प्वाइंट पर निर्धारित तिथि और समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगेगी और लोगों का समय भी बचेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही निर्धारित समय पर गैस दी जाएगी। बिना पंजीकरण लाइन में लगने से अव्यवस्था फैलती है, इसलिए सभी नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील की गई। साथ ही लोगों से कहा गया कि बिना जरूरत खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी न पहुंचे, बल्कि तय प्रक्रिया के तहत अपने नजदीकी वितरण केंद्र से ही गैस प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने बताया कि डीएससी अथवा पंजीकरण संख्या के आधार पर सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में गैस वितरण को लेकर किसी भी नागरिक को असुविधा न हो और हर उपभोक्ता तक समय पर गैस पहुंचे। छतार वार्ड में भी जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों को पूरी प्रक्रिया समझाते हुए जागरूक किया और गैस वाहन के माध्यम से डिलीवरी व्यवस्था को मौके पर ही परखा।
निरीक्षण के दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के प्रतिनिधि हर्षित पंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो –  चंपावत में गैस वितरण व्यवस्था का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार,उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनते हुए।


Share This Post