चंपावत में ‘महिला आयोग आपके द्वार’ अभियान, 17 शिकायतों पर हुई सुनवाई।

Share This Post

अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, कई मामलों का मौके पर निस्तारण।

चंपावत। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘महिला आयोग आपके द्वार’ अभियान के तहत विकास भवन सभागार चंपावत में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने की, जबकि आयोग सदस्य किरण देवी भी उपस्थित रहीं।
जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण तथा अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़ी कुल 17 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि गंभीर मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए आयोग मुख्यालय भेजा गया। इस दौरान अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने असंगठित क्षेत्र की महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णानाथ गोस्वामी, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

फोटो— विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनतीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल।


Share This Post