चंपावत: मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा का मिला सम्मान, आशा गोस्वामी बनीं अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी।

Share This Post

चंपावत। जिला सूचना विभाग में वर्षों से जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सेवाएं दे रहीं आशा गोस्वामी को पदोन्नति देते हुए अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी नियुक्त किया गया है। सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी के आदेश के बाद जारी पदोन्नति सूची में उनका नाम शामिल होने से विभाग और जनपद में खुशी का माहौल है। अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
आशा गोस्वामी लंबे समय से जिला सूचना विभाग में कार्यालय संरक्षक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थीं। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों के प्रचार-प्रसार, सूचना संकलन तथा विभागीय कार्यों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए विभाग ने उन्हें अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पदोन्नति पर आशा गोस्वामी को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और ईमानदारी से किए गए कार्य का परिणाम हमेशा सकारात्मक होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी में भी वह पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगी तथा शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
पदोन्नति पर अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, एपीडीओ विम्मी जोशी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी, जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिले के पत्रकारों ने आशा गोस्वामी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

फोटो_ आशा गोस्वामी।


Share This Post