चंपावत: रसोई गैस की किल्लत और महंगाई को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन,धामी सरकार का फूंका पुतला।

Share This Post

भाजपा के जश्न पर उठे सवाल, कांग्रेस बोली – गैस नहीं मिल रही, जनता लाइन में खड़ी है, सरकार जश्न मना रही है।

चंपावत।  जिले में रसोई गैस की किल्लत, बढ़ती महंगाई और खराब आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। एक ओर भाजपा अपने चार साल के कार्यकाल का जश्न मना रही थी, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में खाली गैस सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेशन बाजार में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार रसोई गैस के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद आम जनता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कई जगहों पर गैस की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे और सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। बाद में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन भी किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि गैस सप्लाई पूरी तरह सुचारु है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। लोगों को सुबह से ही अपने कामकाज छोड़कर गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगानी पड़ रही है, इसके बावजूद कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेत्री निर्मला गहतोड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार अपने चार साल का जश्न मनाने में करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, जबकि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कों की हालत खराब है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और अब रसोई गैस जैसी जरूरी चीज भी लोगों को समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, लेकिन धरातल पर समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जनता को राहत देने के बजाय सरकार प्रचार में व्यस्त है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि गैस की आपूर्ति व्यवस्था जल्द ठीक नहीं की गई तो पार्टी आगे भी आंदोलन तेज करेगी।

इस दौरान कांग्रेस नेत्री निर्मला गहतोड़ी, जीवन बिष्ट, मनीष महर, उमेश शर्मा, भूपेंद्र महर, रोहन महरा, नाथ बोरा, दिग्विजय कार्की, संजय कुमार, प्रमोद बडेला, दीपक रसवाल, अशोक वर्मा, नीरज पांडे, शंकर सिंह बोरा, गौतम फर्त्याल, अंशु अधिकारी, पवन ढ़ेक, सचिन महरा, प्रयाग दत्त गहतोड़ी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share This Post