चंपावत। राष्ट्रीय मतदाता एवं संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर चंपावत में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया गया। जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उपस्थित लोगों को संविधान की रक्षा एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

उधर, तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या ने राजस्व कर्मियों व नागरिकों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उपजिलाधिकारी ने बताया कि एसएआर अभियान में चंपावत जनपद ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर मॉडल जिला बन गया है। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी कर्मचारियों व नागरिकों को बधाई दी तथा कहा कि जनसहयोग से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। कार्यक्रम में तहसीलदार बृजमोहन आर्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ईश्वरी राम, वरिष्ठ सहायक मोनिका कनौजिया, मनीषा बजरीकोटी, राजस्व निरीक्षक दीनदयाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी कड़ी में, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ कार्यक्रम हुआ। पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जनपद पुलिस के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, निष्पक्ष मतदान एवं मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की मजबूत नींव है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह जिम्मेदारी से मताधिकार का प्रयोग करे।

फोटो _ राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर चंपावत के कार्यालयों में संविधान की मजबूती के लिए शपथ ग्रहण।
