चंपावत: रेड अलर्ट के बीच डीएम के जनता दरबार में गूंजे 96 फरियादियों के सवाल।

Share This Post

भोजन माता की बहाली के निर्देश, लोहाघाट अस्पताल में डॉक्टरों के तबादले पर फिलहाल ब्रेक; दिव्यांग को मिली व्हीलचेयर-बैसाखी, 14 के बने आयुष्मान कार्ड।

चंपावत। आसमान से बरसात का अलर्ट और जिला मुख्यालय में समस्याओं की बारिश… मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बावजूद सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से फरियादी अपनी उम्मीदें लेकर पहुंचे। डीएम मनीष कुमार के सामने 96 शिकायतें और समस्याएं रखी गईं। किसी ने स्कूलों में शिक्षकों की कमी का दर्द सुनाया तो किसी ने अस्पताल से डॉक्टरों के तबादले पर सवाल उठाए। डीएम ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को तत्काल, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
जनता दरबार में राजकीय इंटर कॉलेज लोहाघाट में 16 वर्षों से भोजन माता के रूप में सेवाएं दे रहीं लक्ष्मी देवी को हाल में कार्य से हटाए जाने का मामला भी पहुंचा। मामला सामने आते ही डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को लक्ष्मी देवी को पुनः कार्य पर बहाल करने के निर्देश दिए।
लोहाघाट की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी जनता दरबार में सवाल उठे। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट से चिकित्सकों के प्रस्तावित स्थानांतरण का विरोध करते हुए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को हटाने से पहले अस्पताल में वैकल्पिक चिकित्सकों की तैनाती की जाए। उन्होंने चेताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से समझौता हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करते हुए फिलहाल डॉक्टरों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने के निर्देश दिए।


शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का मामला भी जनता दरबार में गूंजा। बाराकोट के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में अंग्रेजी, गणित, भूगोल, भौतिक विज्ञान और राजनीति विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ता पद लंबे समय से रिक्त होने की शिकायत सामने आई। छात्र-छात्राओं के भविष्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए इन पदों को गेस्ट टीचर अथवा वैकल्पिक व्यवस्था से जल्द भरने की मांग की गई।
जनता दरबार में सिर्फ शिकायतें ही नहीं, बल्कि मौके पर समाधान की तस्वीर भी दिखाई दी। मुख्यमंत्री के त्वरित सहायता के संकल्प के तहत ग्राम बिरगुल निवासी दिव्यांग किशन सिंह को तत्काल व्हीलचेयर और बैसाखी उपलब्ध कराई गई। वहीं 14 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया गया।
ग्राम सिमल्टा की किरण देवी को बाघ के हमले के दौरान अपने पिता और ग्रामीणों की साहसपूर्वक रक्षा करने के लिए डीएम ने सम्मानित किया। इसके अलावा किसान पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, बच्चे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क की सुरक्षा दीवार, राशन कार्ड, विद्यालयों की मरम्मत, सोलर स्ट्रीट लाइट और निवास प्रमाण पत्र समेत कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि जनता की समस्या का समाधान फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

फोटो_ रेड अलर्ट के बीच आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post