मुख्यमंत्री धामी के ‘आदर्श चंपावत’ विजन को मिलेगा बल, जाम की समस्या से राहत और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चंपावत’ के विजन को साकार करने की दिशा में जनपद को एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। लोहाघाट नगर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऋषेश्वर पुल के समीप निर्माणाधीन सरफेस पार्किंग के विस्तार का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन स्तर से पार्किंग विस्तार के लिए अतिरिक्त वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पार्किंग क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यदायी संस्था उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, लोहाघाट द्वारा अतिरिक्त आगणन तैयार कर शासन को भेजा गया था।
विभागीय स्तर पर तकनीकी परीक्षण और विस्तृत समीक्षा के बाद प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए राज्यपाल की ओर से 39.52 लाख रुपये की धनराशि पर प्रशासकीय एवं वित्तीय मंजूरी दे दी गई है। स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों एवं विभागीय शर्तों के अनुरूप किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से लोहाघाट नगर, विशेषकर ऋषेश्वर पुल क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई पार्किंग और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही नगर में आने वाले पर्यटकों को भी वाहनों की पार्किंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकताओं के अनुरूप चम्पावत को हर क्षेत्र में आदर्श जनपद बनाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है। पार्किंग विस्तार परियोजना स्थानीय व्यापार, पर्यटन गतिविधियों और यातायात प्रबंधन को नई मजबूती प्रदान करेगी। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन करते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
चंपावत: लोहाघाट को मिली बड़ी सौगात: ऋषेश्वर पुल के पास सरफेस पार्किंग विस्तार को ₹39.52 लाख की मंजूरी।

