चंपावत:  लोहाघाट पॉलीटेक्निक के पंकज सिंह को ₹8 लाख पैकेज, अंतरराष्ट्रीय कंपनी में चयन।

Share This Post

लोहाघाट।  राज्य स्तरीय प्लेसमेंट ड्राइव के अंतर्गत राजकीय पॉलीटेक्निक, लोहाघाट के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग शाखा के छात्र पंकज सिंह का चयन बेंगलुरु स्थित प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय सॉफ्टवेयर कंपनी Thoughtworks में हुआ है। कंपनी ने उन्हें ₹8.00 लाख प्रतिवर्ष के आकर्षक पैकेज पर नियुक्ति दी है। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से संपन्न हुई।
पंकज जनपद चंपावत की तहसील पाटी के ग्राम मंगललेख के निवासी हैं। उनके पिता विक्रम सिंह महरा कृषि कार्य से जुड़े हैं, जबकि माता पुष्पा देवी गृहिणी हैं। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पंकज ने अपने माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर आत्मविश्वास को दिया है।
पंकज की यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतिफल है। वे इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के पंचम सेमेस्टर में टॉपर रहे हैं और उनका वर्तमान एसजीपीए 8.0 है, जो उनकी तकनीकी दक्षता और समर्पण को दर्शाता है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार तथा संस्थान के प्रधानाचार्य एवं समस्त प्राध्यापकगण ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल संस्थान बल्कि पूरे चंपावत जनपद के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने पंकज को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।


Share This Post