चंपावत: लोहाघाट महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में खेल मंत्री ने परखी व्यवस्थाएं।

Share This Post

छात्राओं से संवाद कर जानीं समस्याएं, आवागमन के लिए बस को दिखाई हरी झंडी।

लोहाघाट। महिला खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं के साथ बेहतर प्रशिक्षण देने की कवायद के बीच खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को लोहाघाट महिला स्पोर्ट्स कॉलेज एवं स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को छात्राओं के लिए सभी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, खेल प्रशिक्षण, दैनिक दिनचर्या और खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी उनके सामने रखे। मंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बालिका खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से लक्ष्य तय कर अनुशासन और पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि छात्राओं को जल्द महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए। इससे छात्राएं वहां की प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों की दिनचर्या को करीब से समझ सकेंगी।

खेल मंत्री ने स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्राओं के सुगम आवागमन के लिए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बस सुविधा मिलने से छात्राओं को आने-जाने में राहत मिलेगी और प्रशिक्षण व पढ़ाई के लिए समय का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री सुभाष बगोली, भाजपा नेता सतीश चंद्र पांडे, प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, बॉक्सिंग कोच रजवंत कौर, बैडमिंटन कोच साक्षी राणा, एथलेटिक्स कोच कमला, कंप्यूटर ऑपरेटर मनीषा सहित अधिकारी-कर्मचारी और स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्राएं मौजूद रहीं।

फोटो_ स्पोर्ट्स कॉलेज के बच्चों से संवाद करतीं खेल मंत्री रेखा आर्या।


Share This Post