अभिलेखों की हुई घंटों तक सघन जांच, सीएमओ और एसडीएम की संयुक्त कार्रवाई से संचालकों में मचा हड़कंप।
चंपावत। जनपद में कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने और लिंगानुपात में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के विशेष निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को लोहाघाट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इस औचक छापेमारी के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उप जिलाधिकारी की टीम ने केंद्रों पर मौजूद दस्तावेजों और मशीनों की तकनीकी जांच की।
सीएमओ और एसडीएम की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के प्रतिष्ठित निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के साथ-साथ राजकीय पशु चिकित्सालय में संचालित अल्ट्रासाउंड मशीन का भी विस्तृत मुआयना किया। टीम ने वहां मौजूद (फॉर्म-एफ) जो कि लिंग चयन रोकने के लिए सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है, उसकी बारीकी से पड़ताल की। इसके अलावा ओपीडी पंजिका, मरीजों का विवरण और मशीन खरीद से संबंधित सभी वैध लाइसेंसों को भी खंगाला गया। जांच टीम ने पाया कि वर्तमान में सभी केंद्रों पर दस्तावेजों का रखरखाव नियमों के अनुरूप है, जिस पर अधिकारियों ने संतोष प्रकट किया।
निरीक्षण के उपरांत सीएमओ ने सभी केंद्र संचालकों को दो टूक शब्दों में निर्देशित किया कि चिकित्सा नैतिकता और पीसीपीएनडीटी अधिनियम का उल्लंघन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। यदि कहीं भी भ्रूण का लिंग परीक्षण करते हुए या कन्या भ्रूण हत्या को बढ़ावा देने वाली कोई भी गतिविधि पाई गई, तो संबंधित केंद्र को तत्काल सील करते हुए संचालक के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने इस मुहिम में आम जनता को भी भागीदार बनने का आह्वान किया है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग लिंग परीक्षण जैसे अपराधों का हिस्सा न बनें। यदि किसी भी नागरिक को किसी अस्पताल, नर्सिंग होम या निजी लैब में इस प्रकार की अवैध गतिविधि की भनक लगती है, तो उसकी सूचना बिना डरे स्वास्थ्य विभाग या तहसील प्रशासन को दें। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी ताकि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
फोटो_लोहाघाट में पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत अल्ट्रासाउंड केंद्र पर अभिलेखों और पंजिकाओं की सघन जांच करते सीएमओ और एसडीएम।
चंपावत: लोहाघाट में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर प्रशासन का छापा, पीसीपीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन पर दी कड़ी चेतावनी।
