तीन सूत्रीय मांगों को लेकर चंपावत जिले भर में आंदोलन तेज, बच्चों की पढ़ाई और बीएलओ कार्य पर असर।
लोहाघाट/चंपावत। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन 18वें दिन भी जारी रहा। लंबे समय से जारी इस आंदोलन के चलते नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है, वहीं बीएलओ का कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
चंपावत जिले के लोहाघाट, पाटी और बाराकोट ब्लॉक मुख्यालयों में कार्यकर्तियां लगातार धरना दे रही हैं। लोहाघाट में आंदोलन का नेतृत्व विनीता पंत, पाटी में बबीता जोशी, बाराकोट में दमयंती वर्मा और चंपावत में दीपा पांडे कर रही हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ती संगठन की जिला अध्यक्ष मीना बोहरा अपनी मांगों को लेकर सोमवार को देहरादून रवाना हो गई हैं, जहां प्रदेश अध्यक्ष रेखा देवी के नेतृत्व में बाल विकास मंत्री और सचिव से वार्ता की जाएगी। कार्यकर्तियां सरकार के निर्णय का इंतजार कर रही हैं।
धरने पर बैठी कार्यकर्तियों की मुख्य मांगों में ₹24,000 प्रतिमाह वेतन, बायोमेट्रिक उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करना और सेवानिवृत्ति पर ₹10 लाख की एकमुश्त धनराशि देना शामिल है।
धरना स्थल लोहाघाट के शिवालय मार्ग पर आयोजित सभा में समीना बानो, कविता जोशी, विमला देवी, लक्ष्मी माया सहित कई कार्यकर्तियों ने कहा कि उनका यह संघर्ष व्यर्थ नहीं जाएगा और जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
फोटो – लोहाघाट के शिवालय मार्ग में धरना प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां।
चंपावत: लोहाघाट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना 18वें दिन भी जारी, कामकाज पूरी तरह प्रभावित।
