चंपावत: लोहाघाट में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे।

Share This Post

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जिले में मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को लोहाघाट और मानेश्वर क्षेत्र में विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने लोहाघाट मुख्य बाजार के जनरल स्टोरों और मानेश्वर स्थित फास्ट फूड सेंटरों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन परखा। कार्रवाई के दौरान पांच संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, स्वच्छता, गुणवत्ता, एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस एवं पंजीकरण, एक्सपायरी डेट तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। विभागीय टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के खाद्य सामग्री का कारोबार न करें तथा लाइसेंस को प्रतिष्ठान में प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।
मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए टीम ने बाजार से सोया सॉस, मैकरोनी, मसाले, मिल्कमेड और रोस्टेड वर्मिसेली सहित कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें विधिवत सील किया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद विभागीय टीम ने मानेश्वर क्षेत्र के विभिन्न फास्ट फूड सेंटरों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था, रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण तथा उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गई। संचालकों को बंद डस्टबिन का उपयोग करने, भोजन बनाते एवं परोसते समय हेड कैप पहनने, स्वच्छ एप्रन का प्रयोग करने तथा केवल गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ वातावरण में निर्माण एवं विक्रय करने की हिदायत भी दी गई।
निरीक्षण दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के साथ सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे।


Share This Post