चंपावत:  लोहाघाट होली महोत्सव में सीएम पुष्कर सिंह धामी के दौरे पर कांग्रेस का विरोध, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने मंच से की सराहना।

Share This Post

काले झंडे, “गो बैक” के नारे और पुलिस से नोकझोंक; एक ही दल में दिखी विरोध और समर्थन की अलग तस्वीर

लोहाघाट। काली कुमाऊं की सांस्कृतिक परंपरा और लोकगीतों की मधुर गूंज के बीच आयोजित होली महोत्सव उस समय राजनीतिक रंग में रंग गया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। नगर के ऐतिहासिक होली मंच पर जहां पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत, माल्यार्पण और अभिनंदन किया गया, वहीं कार्यक्रम स्थल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लहराते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और प्रवेश मार्गों की निगरानी की व्यवस्था की गई थी। बावजूद इसके, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की नीतियों के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। “गो बैक” और “मुर्दाबाद” के नारों से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो उठा।
प्राप्त सूचना के अनुसार स्थिति उस समय और गरमा गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए हालात को काबू में कर लिया। प्रशासन की तत्परता के चलते कार्यक्रम में किसी प्रकार का बड़ा व्यवधान नहीं पड़ा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां निर्धारित समयानुसार चलती रहीं।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चर्चित और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहलू तब सामने आया जब एक ओर कांग्रेस संगठन सड़क पर विरोध दर्ज करा रहा था, वहीं दूसरी ओर लोहाघाट से कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी मंच पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते और उनके नेतृत्व में प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते नजर आए।
विधायक के इस रुख ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक ही दल के भीतर विरोध और समर्थन की यह दोहरी तस्वीर आने वाले चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
होली जैसे सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता के प्रतीक मंच पर उभरा यह सियासी संग्राम अब जनपद में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। रंगों के उत्सव के बीच उभरी यह राजनीतिक तस्वीर लोहाघाट की राजनीति में नए समीकरणों और संभावित बदलाव की आहट देती नजर आ रही है।


Share This Post