चंपावत के मुख्य बाजार में सामूहिक रूप से देखा गया बजट प्रसारण।
चंपावत। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026–27 का आम बजट देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस आधार तैयार करने वाला बजट है। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने कही। उन्होंने इसे आम जनता, किसानों, महिलाओं, युवाओं और पर्वतीय राज्यों के लिए संतुलित एवं दूरदर्शी बजट बताया।
भाजपा चंपावत द्वारा मुख्य बाजार में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर बजट का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जहां व्यापारी, स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने बजट को भविष्यगामी बताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना की।
सामंत ने कहा कि बजट में प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावास निर्माण का निर्णय छात्राओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद करोड़ों लोगों का गरीबी रेखा से बाहर आना मोदी सरकार की प्रभावी योजनाओं का परिणाम है।
उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय राज्यों के लिए प्रस्तावित आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थानों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में मदद मिलेगी। यह उत्तराखंड जैसे राज्य के लिए बड़ा कदम है।
सामंत ने कहा कि बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ने, खेलो इंडिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर देने तथा महिलाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि कृषि और पशुपालन क्षेत्र के लिए बजट में किए गए प्रावधान किसानों और पशुपालकों के हित में हैं। दिव्यांगजनों के लिए विशेष योजनाएं तथा जिला अस्पतालों में इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर मजबूत करने की घोषणा सराहनीय है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश जोशी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र लडवाल, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रकाश पांडे, मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, आनंद अधिकारी सहित भाजपा पदाधिकारी, व्यापारी संघ के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_चंपावत के मुख्य बाजार में बड़ी स्क्रीन पर केंद्रीय बजट 2026–27 का सीधा प्रसारण देखते भाजपा कार्यकर्ता एवं व्यापारी।
चंपावत: विकसित भारत 2047 की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा केंद्रीय बजट 2026–27 – गोविंद सामंत।
