चंपावत: शारदा घाट पर टला बड़ा हादसा, जल पुलिस ने बचाई चार लोगों की जान।

Share This Post

लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन से टली अनहोनी, पुलिस ने घाट पर सावधानी बरतने की अपील।


चंपावत/टनकपुर। शारदा घाट पर रविवार सुबह स्नान के दौरान बड़ा हादसा टल गया। जल पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से अलग-अलग समय पर नदी में डूब रहे चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। लगातार हो रही घटनाओं के बीच जल पुलिस की सक्रियता से बड़ी अनहोनी टल गई और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे गोंडा सिटी निवासी 14 वर्षीय देवांश श्रीवास्तव और 29 वर्षीय प्रमोद कुमार शारदा नदी में स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चले गए। घाट पर तैनात जल पुलिस टीम ने तुरंत नदी में उतरकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके कुछ ही देर बाद करीब 9:40 बजे बरेली जिले के सेंधा गांव निवासी 13 वर्षीय बृजेश मौर्य भी स्नान करते समय गहरे पानी में फंस गया। जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तीसरी घटना करीब 10:35 बजे हुई, जब बरेली के ओल्ड सिटी निवासी 17 वर्षीय लक्ष्य गुप्ता नदी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद जल पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बचा लिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से घाट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
इस सफल रेस्क्यू अभियान में जल पुलिस के रविंद्र कुमार पहलवान, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शारदा घाट पर स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें, गहरे पानी में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जल पुलिस की टीमें लगातार तैनात हैं, लेकिन अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।


Share This Post