

मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में चयन, कक्षा छह के आठ और नौवीं के 19 छात्र-छात्राएं शामिल।
चंपावत। शिक्षकों की कमी से जूझ रहे राजकीय इंटर कॉलेज अमोड़ी के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। योजना के लिए विद्यालय के 27 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। विद्यालय में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के चयन से शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
एसएमसी अध्यक्ष पीतांबर भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यालय से कक्षा छह के आठ और कक्षा नौ के 19 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित आयु वर्ग के अनुसार प्रतिमाह 1500 से 2000 रुपये तक छात्रवृत्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के बावजूद विद्यार्थियों ने शिक्षा और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। उत्तराखंड बोर्ड की मेरिट सूची में भी विद्यालय के विद्यार्थी हर वर्ष स्थान बनाते रहे हैं। इस वर्ष मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना में भी विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यालय लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहा है। 27 विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति योजना के लिए चयन विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रधानाचार्य मदन राम, नीतू उप्रेती, ग्राम प्रधान हेमा भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रीति भट्ट, अभिभावक खुशाल दत्त भट्ट, गोविंद भट्ट, रमेश चंद्र भट्ट सहित अन्य लोगों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फोटो_राजकीय इंटर कॉलेज अमोड़ी, जहां के 27 छात्र-छात्राओं का मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के लिए हुआ चयन।




