चंपावत: शोषण पर चुप्पी नहीं, आवाज उठाएं बेटियां… कानून और सुरक्षा का पाठ पढ़ाने स्कूल पहुंची पुलिस!

Share This Post

GGIC में जिला जज अनुज कुमार संगल ने छात्राओं को बताए अधिकार, पॉक्सो से लेकर साइबर ठगी तक दी गई जानकारी।

चंपावत। बालिकाओं के साथ होने वाले शोषण, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता की मुहिम लेकर चंपावत पुलिस राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) पहुंची। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला जज अनुज कुमार संगल ने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन अपराधों से संरक्षण, बाल अधिकार, बाल श्रम और दहेज प्रतिषेध कानून के बारे में बताया गया। उन्हें समझाया गया कि शोषण या उत्पीड़न को चुपचाप सहना नहीं, बल्कि उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।

साइबर सुरक्षा पर चर्चा करते हुए पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति सतर्क किया। छात्राओं को अनजान लिंक से दूर रहने और ओटीपी, बैंकिंग विवरण व निजी जानकारियां किसी के साथ साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस टीम और पीएलवी सदस्यों ने छात्राओं से किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बालिकाओं को उनके अधिकारों और कानून की जानकारी देकर ही सुरक्षित समाज की नींव मजबूत की जा सकती है।

फोटो_ जीजीआईसी में छात्राओं को बाल अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देते जिला जज एवं पुलिस टीम।


Share This Post