

90 साल की लीज के विरोध में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी।
चंपावत। सरकारी भूमि को 90-90 साल की लीज पर देने और एचएमटी कारखाने की भूमि को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को चंपावत में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फरत्याल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं ने सरकारी जमीन को लंबी अवधि की लीज पर देने की कवायद पर सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियां जनता की धरोहर हैं। बाराहीधाम देवीधुरा और केदारनाथ स्थित डाक बंगलों को पीपीपी मोड पर दिए जाने की चर्चा पर भी कांग्रेस ने सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए चिराग फरत्याल ने कहा कि कांग्रेस सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों को लीज पर देने के फैसलों का विरोध करेगी। उन्होंने एचएमटी की जमीन को लेकर भी सरकार से स्पष्ट स्थिति सामने रखने की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री बिमला मेहरा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष, उमेश शर्मा, नीरज वर्मा, जीवन बिष्ट, अशोक वर्मा, दिग्विजय कार्की, महेश कुमार, हेम तिवारी, दीपक रैसवाल, हरीश राय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_ चंपावत में सरकारी भूमि और एचएमटी की जमीन को लेकर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।




