चंपावत: सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र की एकता मजबूत करने का संकल्प।

Share This Post

राष्ट्रीय एकता दिवस पर डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ।

चंपावत। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिला कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में सरदार पटेल के देश की रियासतों के एकीकरण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने में सरदार पटेल की भूमिका अविस्मरणीय रही है। उनके विचार आज भी देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र की एकता और सुरक्षा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिले के सभी राजकीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं संस्थानों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो_राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post