चंपावत: साहसिक पर्यटन में चमका चंपावत, शीतल ठाकुर बनीं ‘राइजिंग स्टार उत्तराखंड’

Share This Post

नायर वैली एडवेंचर फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन, डीएम मनीष कुमार ने किया सम्मानित; पोखरा (नेपाल) में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व

चंपावत।  साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में जनपद चंपावत ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। नायर वैली एडवेंचर फेस्टिवल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चंपावत साहसिक पर्यटन एवं ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेट एसोसिएशन से जुड़ी शीतल ठाकुर ने ‘राइजिंग स्टार उत्तराखंड’ का खिताब अपने नाम कर जिले का मान बढ़ाया है। 26 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित एडवेंचर फेस्टिवल में शीतल ठाकुर ने अपने उत्कृष्ट कौशल और प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। चंपावत की पहली महिला पैराग्लाइडिंग पायलट होने का गौरव रखने वाली शीतल ठाकुर को इस उपलब्धि के लिए 25 हजार रुपये की नकद राशि, पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

वहीं चंपावत साहसिक पर्यटन एवं ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेट एसोसिएशन के आशीष कोहली का चयन ‘टेक्निकल जज कोर्स’ के लिए हुआ है। गौरतलब है कि शीतल ठाकुर और आशीष कोहली दोनों ही मार्च 2026 में नेपाल के पोखरा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दोनों प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चंपावत की पहली महिला पैराग्लाइडिंग पायलट के रूप में शीतल ठाकुर की यह उपलब्धि जिले की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि साहसिक खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि भविष्य में यहां के युवाओं को पैराग्लाइडिंग सहित अन्य साहसिक खेलों में बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि चंपावत साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कृष्णानाथ गोस्वामी, एसोसिएशन की अध्यक्ष ज्योति भंडारी, सचिव आशीष कोहली, मार्गदर्शक एवं भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी अमित परमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Share This Post