चादरें रोज न बदलने पर नाराजगी, स्वच्छता और बेहतर इलाज के दिए सख्त निर्देश।
लोहाघाट। उप जिला चिकित्सालय में गुरुवार को सीएमओ चम्पावत डॉ. देवेश चौहान ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, फार्मेसी, शौचालय और इंजेक्शन रूम समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान वार्ड में बेड की चादरों को निर्धारित समय के अनुसार न बदलने पर सीएमओ ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि मानकों के अनुसार रोजाना चादरें बदली जाएं और अस्पताल में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों को बाहर से दवा न लिखने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मरीजों को दी जा रही दवाओं की जांच की और वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाएं अधिकांशतः संतोषजनक पाई गई हैं, जबकि कुछ कमियों को जल्द ही दूर किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय को 100 बेड का अस्पताल बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
इसके अलावा जिलाधिकारी के सहयोग से अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती लगातार की जा रही है और जिन चिकित्सकों की कमी है, उन्हें जल्द उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।
फोटो – लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए
चंपावत: सीएमओ का लोहाघाट अस्पताल में औचक निरीक्षण व्यवस्थाओं पर सख्ती।
