विदेश मंत्री को पत्र भेजकर की मांग, चंपावत समेत चार जिलों को मिलेगा सीधा लाभ।
चंपावत। सीमांत जनपदों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी मांग को पूरा करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अहम पहल करते हुए टनकपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर जनपद चम्पावत के टनकपुर नगर में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित करने का अनुरोध किया है।
14 मार्च को टनकपुर में आयोजित मुख्य सेवक संवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता ने पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि टनकपुर कुमाऊं मंडल का प्रवेश द्वार होने के साथ-साथ नेपाल सीमा से सटा हुआ महत्वपूर्ण नगर है, जहां पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना होने से चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर जैसे सीमांत जनपदों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
वर्तमान समय में इन जिलों के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून या हल्द्वानी जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ के साथ-साथ समय की भी भारी बर्बादी होती है। पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों, नौकरी के लिए विदेश जाने वाले युवाओं, श्रमिकों और व्यापारियों को इस कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिलेगी, जिससे प्रशासनिक सेवाएं लोगों के और करीब पहुंचेंगी।
चंपावत: सीमांत के लिए बड़ी सौगात की तैयारी, टनकपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने को धामी का बड़ा कदम।
