चंपावत: स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े में उमड़ी मरीजों की भीड़, दूसरे दिन 367 लोगों को मिला विशेषज्ञ उपचार।

Share This Post

330 रक्त जांच, 62 एक्स-रे, कैंसर स्क्रीनिंग समेत एक ही छत के नीचे मिली कई स्वास्थ्य सेवाएं।

चंपावत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से “सेवा, सुशासन और समर्पण” अभियान के तहत जिला अस्पताल चंपावत में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में 367 मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर निःशुल्क उपचार एवं परामर्श दिया गया, जबकि 330 रक्त जांच और 62 एक्स-रे किए गए।
शिविर में जनरल फिजिशियन ने 130, हड्डी रोग विशेषज्ञ ने 52, स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 32 गर्भवती महिलाओं, शिशु रोग विशेषज्ञ ने 33 तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ ने 20 मरीजों का परीक्षण किया। इसके अलावा एनसीडी क्लिनिक में 60 लोगों की मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग की गई। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 17 लोगों को परामर्श दिया गया, जबकि टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 70 लोगों की जांच हुई। इनमें 62 मरीजों के एक्स-रे और 10 लोगों की बलगम जांच की गई।
शिविर में ओरल, सर्वाइकल और स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पांच आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने मरीजों को उपचार के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े का उद्देश्य आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराकर समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करना है।

फोटो_जिला अस्पताल चम्पावत में स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के दूसरे दिन मरीजों का परीक्षण करते विशेषज्ञ चिकित्सक।


Share This Post